शादी कर थाने पहुंचा प्रेमी युगल
पुरकाजी। एक सप्ताह पूर्व घर से फरार हुए प्रेमी युगल शादी कर थाने पहुंच गया। पुलिस ने लड़की के नाबालिग होने पर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। किशोरी को डाक्टरी परीक्षण के लिए भेज दिया। इस दौरान थाने पहुंचे किशोरी के परिजनों की मामले की जांच कर रहे विवेचक के साथ नोकझोंक हुई।
क्षेत्र के गांव निवासी किशोरी 17 नवंबर को प्रेम प्रसंग के चलते हरियाणा निवासी प्रेेमी युवक के साथ चली गई थी। किशोरी की मां ने थाने पर तहरीर देकर गांव निवासी एक महिला सहित तीन लोगों पर अपनी पुत्री का अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने चार दिन बाद 20 नवंबर को आरोपियों के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया था। बृहस्पतिवार को प्रेमी युगल शादी कर थाने पहुंचा और पुलिस को दिल्ली के एक आर्य समाज में शादी करने के कागजात पेश किए। जानकारी मिलने पर किशोरी के परिजन भी ग्राम प्रधान नेपाल सिंह सहित कई ग्रामीणों के साथ थाने पहुंच गए। किशोरी की आठवीं कक्षा की मार्कशीट पुलिस को दिखाकर उसको नाबालिग बताया। मार्कशीट में किशोरी के नाबालिग होने पर पुलिस ने हरियाणा के जिला सोनीपत के एक गांव निवासी आरोपी प्रेमी को हिरासत में ले लिया है। किशोरी को डाक्टरी परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। इस दौरान मुकदमे की जांच कर रहे दरोगा ने किशोरी के परिजनों को नसीहत दी। इस पर किशोरी के भाई व दरोगा के बीच नोकझोंक भी हुई। इंस्पेक्टर विजय सिंह का कहना है कि किशोरी के कोर्ट में बयान कराए जाएंगे। कोर्ट के आदेश पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।