मुजफ्फरनगर। गांव शेरनगर स्थित कूलर फैक्ट्री में घुसकर चोरी कर रहे एक चोर को फैक्ट्री मालिक और उसके भाई ने दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी फरार हो गया। आरोपी के कब्जे से फैक्ट्री में दो दिन पूर्व भी हुई चोरी का माल बरामद किया गया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरनगर में नरेश कुमार की कूलर फैक्ट्री है। दो सितंबर की रात चोरों ने फैक्ट्री में घुसकर 50 मोटर, इन्वर्टर-बैटरी, सौ से अधिक पंप, एक हजार लीड, पंखे व उपकरण समेत काफी सामान चोरी कर लिया था। उक्त चोरी की तहरीर पुलिस को दी गई थी। कोई कार्रवाई नहीं होने पर नरेश ने अपने स्तर से फैक्ट्री की सुरक्षा का निर्णय लिया। बुधवार रात वह अपने भाई के साथ अचानक फैक्ट्री को देखने आ पहुंचा। जहां दो युवक फैक्ट्री में घुसकर सामान चोरी कर रहे थे। इस पर नरेश ने शोर मचाते हुए चोरों को पकड़ने की कोशिश की। दोनों भाइयों ने एक आरोपी को पीछा करते हुए खेत से दबोच लिया, जबकि दूसरा भाग निकला। इंस्पेक्टर नई मंडी हरशरण शर्मा ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश शेरनगर का ही कंवरपाल है, जिसकी निशानदेही पर दो दिन पूर्व फैक्ट्री से चोरी हुए 50 मोटर व अन्य सामान बरामद कर लिया गया है। वहीं, फरार हुए बदमाश की पहचान शेरनगर के ही आदेश के रूप में हुई है, जिसकी तलाश की जा रही है। फैक्ट्री मालिक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।