युवती शादी करने को प्रेमी के घर पहुंची
पुरकाजी। कस्बे की एक युवती प्रेम प्रसंग के चलते शादी करने को प्रेमी के घर पहुंच गई। जबकि तीन दिन बाद उसकी बारात आनी है। युवती ने प्रेमी के घर पहुंचकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस दोनों को थाने ले आई। थाने पर ही युवती ने हंगामा किया तथा प्रेमी संग जाने की जिद पर अड़ी रही।
कस्बा निवासी एक युवती का मोहल्ले के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। युवती की 15 अगस्त को बारात आनी है। शनिवार को युवती अपने प्रेमी के घर पहुंच गई, जिसकी जानकारी मिलने पर उसके परिजन उसे लेने गए, तो युवती ने घर वापस जाने से इंकार करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर 100 डायल पुलिस मौके पर पहुंची और युवक व युवती को थाने ले आई। दोनों पक्षों के लोग भी पहुंच गए और उसे समझाने का प्रयास किया तो उसने हंगामा शुरू कर दिया। युवती अपने प्रेमी के संग जाने पर ही अड़ी रही। शाम तक दोनों पक्षों के लोग मामले को सुलझाने का प्रयास में लगे हुए थे।
छात्रा को परिजनों को सौंपा
पुरकाजी। मेरठ निवासी कक्षा आठ की एक छात्रा को शनिवार को उसकी माता ने किसी बात पर डांट दिया था, जिससे नाराज छात्रा स्कूल से अपने घर न लौटकर पुरकाजी आ गयी। बस से उतरकर एक मकान में जाकर बैठ गई, जिसकी सूचना मकान स्वामी ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को थाने ले आई। उससे पूछताछ कर उसके परिजनों को जानकारी दी। जानकारी पाकर परिजन थाने पहुंचे। पुलिस ने जहां पर परिजनों को दोबारा उसे नहीं डांटने की हिदायत देकर छात्रा को उसके परिजनों को सौंप दिया।
-