मुजफ्फरनगर। कुछ युवकों ने शहर में सरेराह भाई के साथ बाइक पर जा रही युवती के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर बहन-भाई के साथ मारपीट कर दी। शोर सुन कर पब्लिक दौड़ी, तो आरोपी स्कूटी छोड़कर भाग खडे़े हुए। लोगों ने एक आरोपी को पकड़ कर धुनाई करके पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में लगी है।
नई मंडी के सुभाष नगर निवासी युवक ने इस संबंध में सिविल लाइन थाने पर तहरीर देकर बताया कि वह बहन के साथ बाइक द्वारा आनंदपुरी से घर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में बाइक और स्कूटी पर सवार पांच युवकों ने बहन का हाथ पकड़ कर रोक लिया। उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने बहन-भाई के साथ मारपीट की। शोर मचाने पर लोग दौड़ कर आए, तो हमलावर भाग खड़े हुए। तीन बाइक पर भागे, दो जल्दी में स्कूटी छोड़ कर भागे। भीड़ ने पीछा कर एक आरोपी को दबोच लिया तथा धुनाई करके पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने स्कूटी को कब्जे में ले लिया। पकड़ा गया आरोपी बागोवाली निवासी शोएब बताया गया। पुलिस बाकी की तलाश मेें लगी है। उधर, रामपुरी के लोगों नगर पालिका में पहुंच कर हंगामा किया। आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने सड़क और नाली में मिट्टी भर दी, जिससे परेशानी हो रही है। इस संबंध में ईओ विकास सैन ने शहर कोतवाली पर मोहल्ले के दो लोगों को नामजद करते हुए अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
पत्रकार और अधिवक्ता पक्ष में मारपीट
मुजफ्फरनगर। होली ऐंजिल्स के सामने मार्केट की कवरेज को लेकर एक टीवी चैनल पत्रकार और अधिवक्ता पक्ष के बीच कहासुनी और मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ संगीन आरोप लगा कर सिविल लाइन थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। नोएडा के सेक्टर 63 निवासी संजय गर्ग ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह न्यूज कवरेज करने गया था। आरोप है कि कमल गुप्ता अधिवक्ता और उनके साथियों ने उसके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की। दूसरी ओर, अधिवक्ता कमल कृष्ण गुप्ता ने भी संजय गर्ग और शाहिद लुहारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि उसके साथ मामूली कहासुनी होने पर रास्ते में मारपीट और गाली-गलौच की। आरोपियों ने जान से मारने की नियत से उस पर फायर भी किया। पुलिस ने दोनों ओर से रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी।