फेरी वाले से लूटपाट
मीरापुर। मोहल्ला सरायगेट निवासी युवक से बदमाशों ने मारपीट कर 1800 रुपये की नगदी लूट ली। पीड़ित जुल्फकार पुत्र लतीफ साइकिल से फेरी कर सामान बेचने का काम करता है। पीड़ित ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे जब बलीपुरा होता हुआ गांव संभलहेड़ा जा रहा था, तो रास्ते में बदमाशों ने उसकी साइकिल रोक ली तथा मारपीट कर 1800 रुपये लूट लिए। पीड़ित ने तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पांच हजार का इनामी हत्यारोपी दबोचा
मीरापुर। रामराज पुलिस ने एक हत्या के मामले में वांछित पांच हजार के इनामी बदमाश को आला कत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया। रामराज एसओ आनंद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि 17 जुलाई को थाना हस्तिनापुर के गांव फाजलपुर निवासी बदमाश रणधीर पुत्र मुरारी ने आपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर इसी गांव के धर्मेंद्र उर्फ डीके की हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया था। पुलिस ने इस हत्या में एक बदमाश को पहले ही जेल भेज दिया था। फरार रणधीर पर पांच हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने एक जानकारी के आधार पर फरार बदमाश रणधीर को हस्तिनापुर मोड़ से गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर धर्मेंद्र की हत्या में प्रयुक्त दरांती भी बरामद की। एसओ ने बताया कि दोनों बदमाशों ने अवैध संबंधों के चलते डीके की हत्या की थी।
दो हादसों की रिपोर्ट दर्ज
मीरापुर। पुलिस ने सड़क दुर्घटना के दो अलग-अलग मामलों में आरोपी चालकों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की। गांव तुल्हेड़ी निवासी मल्लू पुत्र सुक्खन द्वारा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट के अनुसार 21 जनवरी की सुबह सुक्का पुत्र नदीम टिकौला चीनी मिल में गन्ना डालकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान कैथोड़ा के निकट उसका ट्रैक्टर खराब हो गया, जिसे वह ठीक कराने लगा तो रामराज की ओर से आ रही एक बस ने उसके बेटे नदीम को टक्कर मारकर घायल कर दिया था, जिसकी उपचार के दौरान दिल्ली अस्पताल में मौत हो गई थी। बस चालक बहसूमा थाना के गांव फिरोजपुर निवासी नरेश पुत्र नामालूम है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। उधर, शिवपुरी निवासी विनोद पुत्र छंगा द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार 18 जनवरी की शाम उसका भाई राजवीर गांव जाने के लिये मीरापुर बाईपास पर खड़ा था। जिसे बिजनौर डिपो की बस ने टक्कर मार दी थी। उपचार के दौरान घायल राजबीर की मौत हो गई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी।
चौकीदार पर हमला किया
मीरापुर। क्षेत्र की शिक्षण संस्था बीआईटी में चौकीदारी कर रहे युवक को दो युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया। चौकीदार अतुल शर्मा पुत्र सुक्खन लाल शर्मा निवासी मौहल्ला जाटान मीरापुर बीआईटी के गेट नंबर चार पर तैनात था। इसी दौरान दो लड़कों ने जबरन कालेज में घुसने का प्रयास किया। अतुल शर्मा ने दोनों युवकों को रोकने का प्रयास किया तो दोनों आरोपियों ने अतुल शर्मा को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने आरोपियों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।