सेल्समैन ने ही रचा था ड्रामा
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन पुलिस ने एक सप्ताह पहले कमांड हाउस के सामने सेल्समैन से हुई डेढ़ लाख की लूट का खुलासा कर दिया। रुपये हड़पने के लिए सेल्समैन नितिन मित्तल ने ही लूट का ड्रामा रचा था। पुलिस ने उससे गिरफ्तार कर डेढ़ लाख रुपये बरामद किया। बाद में उसे जेल भेज दिया।
एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने पत्रकारों को लूट की घटना के खुलासे की जानकारी दी। बताया कि बागपत जिले के कसबा बड़ौत की गांधी रोड निवासी नितिन मित्तल पुत्र प्रमोद मित्तल बड़ौत में ही अखिलेश मित्तल की स्टेशनरी की दुकान पर सेल्समैन है। वह 21 सितंबर को बिजनौर के कसबा नगीना में उधार वसूली करने गया था। वहां से डेढ़ लाख रुपये लेकर आया। वह बस द्वारा बिजनौर से मुजफ्फरनगर आया। उसने पचेंडा रोड बचन सिंह कालोनी निवासी अपने रिश्तेदार के यहां जाकर डेढ़ लाख रुपये का बैग रख दिया। इसके बाद एसएसपी आवास के सामने आया और ब्लेड से जेब काट कर पुलिस को लूट की झूठी सूचना दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके जांच पड़ताल की तो फर्जी लूट के ड्रामे का खुलासा हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर डेढ़ लाख रुपये बरामद किए। सेल्समैन ने बताया कि उसकी ऊपर काफी देनदारी है, इसलिए उसने फर्जी लूट की सूचना देकर डेढ़ लाख रुपये हड़पना चाहा। पुलिस ने उसे झूठी सूचना देकर गुमराह करने के आरोप में मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया है।