जौला के जंगल से तमंचा बनाने की फैक्ट्री पकड़ी
बुढ़ाना। पुलिस ने जौला गांव के जंगल में छापा मारकर तमंचे बनाने की फैक्ट्री पकड़ी। मौके से भारी मात्रा में अधबने तमंचे, पुर्जे और उपकरण बरामद किये। दो युवकों को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया।
इंस्पेक्टर चमन सिंह चावड़ा को मंगलवार को जौला के जंगल में तमंचे बनाने की फैक्ट्री चलाने की सूचना मिली। सूचना पर गांव जौला निवासी मुश्ताक के ज्वार के खेत को घेर कर छापा मारा तो तिरपाल डालकर चलाई जा रही तमंचे बनाने की फैक्ट्री देखकर पुलिस टीम हैरान रह गई। पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया। फैक्ट्री से एक बना हुआ तमंचा, दो दर्जन अधबने तमंचे और बड़ी संख्या में पुर्जे बरामद किए। पुलिस ने मौके से ड्रिल मशीन, शिकंजा, वेल्डिंग मशीन और अन्य उपकरण भी बरामद किए। पकड़े गए युवक वारिस पुत्र इशाक और महबूब पुत्र फजरा जौला गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि तमंचे बनाने के मामले में ये दोनों पहले भी जेल जा चुके हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों युवकों का चालान कर दिया।