मोरना। भोकरहेड़ी में चोरों ने दो मकानों से नगदी सहित लाखों रुपयों की कीमत के जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मौका मुआयना कर परिवार के लोगों से जानकारी ली।
कस्बा भोकरहेड़ी के मोहल्ला नेहरू चौक में बसेड़ा मार्ग निवासी विपिन और उसकी पत्नी गुलशन शुक्रवार की रात घर के बरामदे में सोए हुए थे। देर रात में विपिन आहट होने पर जाग गया। दोनों ने भीतर जाकर देखा तो सेफ का सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने सेफ में रखे 18 ग्राम वजन की सोने की झुमकी, 12 ग्राम की सोने की दो अंगूठी, 13 ग्राम के सोने के कुंडल, चांदी की दो जोड़ी पाजेब व एक लाख की नगदी को चोरी कर लिया था। विपिन के घर से 300 मीटर की दूरी पर कुलवीर पुत्र रघुवीर सिंह का परिवार भी खेतीबाड़ी के कार्य को निपटाकर थककर गहरी नींद में सोया हुआ था। कुलवीर के मकान में चोरों ने किसी स्प्रे आदि का प्रयोग करते हुए ऊपरी मंजिल पर सो रही महिला को बेहोश किया तथा दो कमरों की अलमारियों के लॉक को तोड़कर 30 हजार की नगदी, सोने का नेकलेस, गले की चेन, कानों के कुंडल, एक जोड़ी सोने के कंगन व चांदी की पाजेब चोरी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल की। सीओ राममोहन शर्मा ने पूछताछ कर शीघ्र घटना के खुलासे का आश्वासन पीड़ितों को दिया है। पीड़ितों ने चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।