घर में घुस कर हमला किया
तितावी। गांव काजीखेड़ा में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। हमले में जगपाल को गंभीर चोटें आई है। घायल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव काजीखेड़ा में शनिवार दोपहर जगपाल अपने घर पर परिवार के साथ बैठा था। गांव के ही उसके पड़ोसी रजत उर्फ चिंटू पुत्र शिवकुमार, विजय पुत्र नरेश, काला पुत्र प्रमोद तथा सात-आठ अन्य हमलावर हाथों में लाठी डंडे धार दार हथियार लिए हुए आए। हमलावरों ने जगपाल पर हमला बोल दिया, जो सिर में चोट लगने से बेहोश हो गया। जगपाल के चीखने पर परिवार की महिला बीना पुत्री कंवरपाल, शकुंतला पत्नी कंवरपाल, इंद्रेश पत्नी जगपाल घटनास्थल पहुंच गए, तो उन पर भी लाठी डंडो से खूब पिटाई की। आरोप है कि हमलावर जगपाल की पत्नी इंद्रेश के गले से सोने की चेन भी झटक कर ले गए। ग्राम प्रधान ने घायल जगपाल को जिला अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों ने डायल 100 और तितावी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों के घर दबिश दी, तो सभी आरोपी फरार मिले। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।