अपहरण की कोशिश में तीन भाईयों पर रिपोर्ट दर्ज
देवबंद (सहारनपुर)। युवक का अपहरण किए जाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर तीन भाईयों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
तलहेड़ी बुजुर्ग गांव निवासी शहराना ने एसीजेएम के यहां वाद दायर कर बताया था कि 19 अक्तूबर 2018 को बेटा शौकीन घर के बाहर घूम रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी तीन भाई आफताब, मेहराज और सरफराज तमंचे के बल पर उसका अपहरण करके ले जाने लगे। जब शौकीन ने शोर मचाया तो वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिसके चलते उक्त लोग जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए थे। पुलिस ने बुधवार को अदालत के आदेश पर तीनों भाईयों के विरुद्ध आईपीसी की विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बच्ची की मौत के मामले में ट्रैक्टर चालक पर रिपोर्ट दर्ज
देवबंद। दुगचाड़ी गांव में गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से दीवार गिरने और उसके नीचे दबकर एक बच्ची की मौत होने के मामले में पुलिस ने चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
दुगचाड़ी गांव में मंगलवार को सेंटर से गन्ना भरकर शुगर मिल जा रही ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से मिंटू के मकान की दीवार गिर गई थी। दीवार के नीचे खेल रही मिंटू की बच्ची राशि गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। जबकि दो बच्चे कार्तिक, राज को नाजुक हालत के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने बुधवार को मिंटू की तहरीर पर मिरगपुर गुर्जर गांव निवासी मनोज के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मिंटू ने मनोज पर घटना के बाद पत्नी मीनाक्षी के साथ गाली गलौज व मारपीट किए जाने का आरोप भी लगाया है। वहीं, पुलिस ने जड़ौदा गांव निवासी सुधीर को चेकिंग के दौरान एक तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट दर्ज कर उसका चालान किया गया है।