पुलिस दबिश में गोमांस छोड़कर फरार हुए तस्कर, पांच पर रिपोर्ट दर्ज
देवबंद (सहारनपुर)। मोहल्ला बेरुन कोटला में पुलिस की दबिश के दौरान पांच लोग गोमांस और बाइकें छोड़कर फरार हो गए। जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया। इस मामले में पुुलिस ने पांच लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। पशु चिकित्सक ने गोमांस होने की पुष्टि की है।
कोतवाली के एसआई साजिद अली और कैलाश चंद ने शनिवार की रात्रि टीम के साथ नगर के मोहल्ला बेरुन कोटला में दबिश दी। इस दौरान दो बाइकों पर गोमांस लेकर जा रहे पांच लोग पुलिस को देखकर भाग खड़े हुए। पुलिस ने उनका पीछा भी किया। लेकिन वह अंधेरे का लाभ उठाकर गलियों के रास्ते फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने मौके से करीब 70 किलो गोमांस, दो बाइकें और कटान के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी गोमांस को लेकर कहीं बेचने के लिए जा रहे थे। सूचना मिलने पर तुरंत ही पुलिस ने दबिश देकर उन्हें घेर लिया। लेकिन वह फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने मोहल्ला बेरुन कोटला निवासी मनव्वर, उसके बेटे अजीम, पठानपुरा निवासी नदीम, मोहल्ला किला निवासी इसरार और सरसटा बाजार निवासी साकिब के विरुद्ध आईपीसी की धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पशु चिकित्सक धीरज कुमार ने बताया कि आरोपियों से बरामद मांस गोमांस है।