गांव फुलत में दो पक्षों के बीच मारपीट
रतनपुरी/खतौली। गांव फुलत में मामूली कहासुनी को लेकर दो पक्षों में मारपीट के बाद पथराव हो गया। पथराव से गांव में अफरातफरी मची। हमले में कई लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाबुझाकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को हिरासत में लिया है।
रतनपुरी के गांव फुलत निवासी सुक्का पुत्र अनवर का चांदी का सिक्का नाली में गिर गया था। सुक्का नाली में हाथ डालकर सिक्का ढूंढने लगा। इसी दौरान पड़ोसी मोनू ने उस पर कटाक्ष कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों की कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। मारपीट को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। सुक्का ने अपने अन्य भाइयों दिल्लू, अकरम, गुफरान पुत्रगण इम्तियाज, अफजाल पुत्र इसराइल, गुलजार एवं गुलफाम पुत्रगण अफजाल आदि के साथ मिलकर लाठी डंडों और धारदार हथियारों के साथ मोनू पुत्र याकूब के घर पर हमला बोल दिया। इस हमले में मेहताब पुत्र यामीन, नौशाद पुत्र मुन्ना और मोनू पुत्र याकूब घायल हो गए। दोनो पक्षों की ओर से एक दूसरे पर पथराव भी हुआ। पथराव से गांव में अफरातफरी मच गई। हमले में सुक्का, मुंतयाज भी घायल हो गए। इस हमले में मोनू के ताऊ के लड़के मेहताब पुत्र यामीन को सिर में काफी चोटें आई। झगड़े की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर एक पक्ष के मोनू और नौशाद तथा दूसरे पक्ष के अफजाल, गुलजार, सुक्का, आशु, रियाज, गुफरान को हिरासत में लिया है। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया। इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई।