संदिग्ध हालात में युवक लापता
मुजफ्फरनगर। कारोबार के सिलसिले में चालक के साथ स्कार्पियो लेकर दिल्ली जा रहा युवक संदिग्ध हालात में लापता हो गया। युवक के साथ ही उसके चालक व गाड़ी का भी अता-पता नहीं है। आशंकित परिजनों ने मामले की गुमशुदगी दर्ज कराते हुए अनहोनी की आशंका जताकर उनकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लद्दावाला निवासी जबर खां अलवी ने तहरीर देकर बताया कि उसका भाई सालिक अलवी कार चालक सलमान के साथ स्कार्पियो लेकर कारोबार के सिलसिले में दिल्ली गया था। आरोप है कि दोनों युवक कार समेत बीच रास्ते से ही लापता हो गए। जब रात तक भी उनके फोन नहीं मिले तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। इस पर आशंकित परिजन थाने पहुंचे और अनहोनी की आशंका जताते हुए उनकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई। वहीं, चर्चा है कि दोनों युवकों को गाड़ी समेत किसी थाने की पुलिस द्वारा बीच रास्ते से हिरासत में लिया गया है, लेकिन फिलहाल संबंधित थाना पुलिस की जानकारी नहीं मिल पा रही है। पुलिस ने दोनों युवकों की गुमशुदगी दर्ज का जांच शुरू कर दी है।