मुजफ्फरनगर। रोहाना के टॉल प्लाजा पर हुई पति की मौत के लिए महिला ने अज्ञात जेसीबी चालक को जिम्मेदार बताते हुए तहरीर दी है।
पुरानी बस्ती निवासी सुंदरी ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसका पति प्रमोद रोहाना स्थित टोल प्लाजा पर फीडर की नौकरी करता था। 12 मई को उसके पति के सिर पर जेसीबी मशीन का हुक गिर गया। जिस कारण उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया था। प्रमोद को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालते के चलते रेफर कर दिया गया। उसके पति की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पीड़िता ने अज्ञात जेसीबी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस से कार्रवाई किए जाने की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
केशवपुरी में दुुकान में आग लगी
मुजफ्फरनगर।
सिविल लाईन थाना क्षेत्र के मोहल्ला केशवपुरी निवासी रोहताश ने मोहल्ले में ही प्रोविजन स्टोर की दुकान कर रखी है। रोहताश इन दिनों दुकान बंद कर कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गया हुआ है। शुक्रवार की रात करीब दो बजे दुकान से निकलते धुएं को देखकर मोहल्लेवासी परेशान हो गए। उन्होंने जाकर देखा तो दुकान में आग लगी हुई थी। मोहल्लेवासियों ने दुकान के ताले तोड़कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत करने के बाद दुकान में लगी आग पर काबू पाया जा सका। आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। मोहल्ले के लोगों ने दुकान स्वामी के परिजनों को घटना की सूचना दी। दुकान में आग लगने का कारण स्पष्ट न ही हो पाया है। जबकि दुकान से कुछ समय पहले बिजली का कनेक्शन भी कटवा दिया गया था।
सवारी से पैसे मांगे तो पीटा
मुजफ्फरनगर।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खालापार मातावाली गली निवासी नवेद ई-रिक्शा चलाने का काम करता है। शनिवार को आढ़ती बबलू ने ई-रिक्शा अपने घर कब्रिस्तान वाली गली खालापार जाने के लिए किया। पीड़ित का आरोप है कि आढ़ती अपने घर पहुंच गया। काफी देर तक भी जब उसे किराया नही दिया गया, तब उसने आढती को आवाज लगाई। इसी बात से नाराज आढ़ती ने घर से बाहर आकर गाली गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर मारपीट हंगामे के कारण मौके पर तमाशबीनों की भीड़ जमा हो गई। घायल ने थाने में तहरीर देकर आरोपी आढ़ती के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।