छपार (मुजफ्फरनगर)। दो युवकों ने एक विवाहिता को दो कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर उससे गैंगरेप किया। बाद में उसको बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। छपार पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दो दिन पूर्व क्षेत्र के गांव बरला में बरला-बसेड़ा मार्ग पर एक महिला बेहोशी की हालत में पड़ी हुई मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को उठाकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया था। महिला तितावी थाना क्षेत्र के एक गांव की थी। होश में आने पर उसने पुलिस को बताया कि वह किसी कार्य से मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर गई थी। आरोप है कि वहां पर तितावी निवासी संजय व उसका एक साथी भी आ गए। आरोप है कि संजय ने महिला को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया। दोनों ने उसे बाइक पर बैठाकर किसी गुप्त स्थान पर ले गए और उसके साथ रेप किया। बाद में उसे अचेत अवस्था में बरला मार्ग पर डालकर फरार हो गए। उधर, थानाध्यक्ष आदेश त्यागी का कहना है कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर बयान के लिए न्यायालय भेज दिया है। आगे की कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी। उधर, छपार पुलिस ने न्यायालय से फरार चल रहे वारंटी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। छपार थाना क्षेत्र के गांव बढेडी निवासी उमेश पुत्र सुरजन के काफी समय से किसी मामले में न्यायालय से फरार चल रहा था। जिससे उसके वारंट हो गए। मंगलवार को पुलिस ने उमेश को गिरफ्तार कोर्ट में पेश किया।