मैनेजर से 50 हजार रुपये लूटे
रतनपुरी/खतौली। दिनदहाड़े गांव कितास और डबल के बीच तीन नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर फाइनेंस कंपनी के मैनेजर से 50 हजार रुपये और कीमती सामान लूट लिया। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए काफी भागदौड़ की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।
खतौली की नेहरू कॉलोनी स्थित भारत फाइनेंसियल इंक्लूजन लिमिटेड फाइनेंस कंपनी है। इसमें विवेक चौहान पुत्र सर्वेश सिंह चौहान निवासी मोहल्ला राठौड़, कस्बा रूपबाश, जिला भरतपुर, राजस्थान बतौर मैनेजर तैनात है। बुधवार सुबह वह खतौली ऑफिस से क्षेत्र के गांवों में कलेक्शन करने के लिए निकला। गांव फुलत, मुबारिकपुर, डबल, कितास आदि गांवों में कलेक्शन करने के बाद वह दोपहर में बाइक से खतौली लौट रहा था। गांव कितास और डबल के बीच पहले से घात लगाकर खड़े तीन नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने विवेक को तमंचे के बल पर आतंकित करते हुए रोक लिया।
बदमाशों ने उससे 50 हजार रुपये, टैब, बायोमैट्रिक स्कैनर, टैब चार्जर, मोबाइल आदि लूट लिया। लूटपाट के बाद बदमाश उसकी बाइक को लॉक कर चाबी निकालकर डबल गांव की ओर भाग निकले। लूट की सूचना पर रतनपुरी इंस्पेक्टर अमरदीप लाल तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को तलाश किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध लूट का मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी है।