मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने मोबाइल टावरों से आरआरयू (रिमोट रेडियो यूनिट) चोरी करने वाले गिरोह के सरगना सहित चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में 15 हजार का इनामी सरगना मेरठ निवासी इरफान घायल हुआ है। आरोपियों से एक करोड़ 10 लाख रुपये के 20 आरआरयू कार्ड बरामद हुए। ये गाजियाबाद, हापुड़, मुजफ्फरनगर व अन्य जनपदों से चोरी किए थे। दिल्ली के कबाड़ियों के माध्यम से आरआरयू कार्ड विदेश भेजे जाते थे।
पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि नौ मई की रात में कुरथल गांव के जंगल में मोबाइल टावर से आरआरयू चोरी किया गया था। सोमवार रात में बुढ़ाना पुलिस को सूचना मिली कि आरआरयू चोरी करने वाला गिराेह कार में आने वाला है। इसी के चलते पुलिस ने विज्ञाना रोड पर चेकिंग के दौरान एक कार को रोकना चाहा तो उसमें सवार बदमाशों ने फायरिंग की।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों बुढ़ाना के गांव हुसैनपुर कलां निवासी फैजान उर्फ सानू, समर गार्डन लिसाड़ी गेट मेरठ निवासी इस्लामुदीन व मेरठ के थाना लोकियानगर के जाहिदपुर निवासी कामिल को पकड़ लिया। एक आरोपी भाग निकला। उसे बाद में मुठभेड़ में घायल हालत में पकड़ा गया। उसका नाम लिसाड़ी गेट समर गार्डन निवासी इरफान मलिक है। उस पर 15 हजार रुपये का इनाम था।
पुलिस ने आरोपियों की कार से 20 आरआरयू कार्ड बरामद किएए। इन्हें हापुड, मेरठ, गाजियाबाद, बागपत व मुजफ्फरनगर के मोबाइल टावरों से चोरी किया गया था। ये आरोपी लगभग छह लाख रुपये कीमत वाले एक कार्ड को लगभग दो लाख रुपये में दिल्ली में बेचते थे। वहां से ये कार्ड नेपाल, भूटान व अन्य देशों में भेज दिए जाते थे। 11 जीओ व नौ एयरटेल कंपनी के कार्ड हैं। इन कार्डों पर एक विशेष नंबर भी होता है।
घायल सरगना को आसाम में गुवाहाटी पुलिस ने ऐसे ही मामले में गिरफ्तार किया था। उस पर बुढ़ाना के गांव कुरथल के मोबाइल टावर से आरआरयू कार्ड चोरी करने के मामले में 15 हजार रुपये का इनाम था। एसएसपी ने बताया कि इस मामले में अभी एसपी देहात अक्षय संजय माहडीक कर रहे हैं। एसएसपी ने पुलिस टीम को 20 हजार का इनाम देने की घोषणा की। आरसीपीजी इंडस मोबाइल टावर कंपनी के एरिया मैनेजर विनय राठी व रविंद्र गहलोत ने पुलिस टीम को सम्मानित किया। प्रेसवार्ता में एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक भी मौजूद रहे।