शाहपुर। क्षेत्र के गांव बसीकलां में बरात के वापस लौटने पर खुशी में की गई आतिशबाजी के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष के दो व्यक्ति घायल हो गए। मोहल्ले में पुलिस तैनात की गई है।
क्षेत्र के गांव बसीकलां निवासी अकरम की बरात रविवार को खतौली गई थी । देर शाम बरात के वापस लौटने पर दूल्हे व दुल्हन को कार से उतारने के दौरान परिजन व रिश्तेदार आतिशबाजी कर रहे थे ।
इसी दौरान मौहल्ले में ही रहने वाले दूसरे पक्ष ने आतिशबाजी छोड़ने का विरोध किया। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने के साथ पथराव शुरू हो गया।
दूल्हे के ताऊ का लड़का इरशाद व उसका खतौली निवासी बहनोई शानू घायल हो गए । सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
सूचना मिलने पर सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने भी गांव में पहुंचकर घटना की जानकारी लेने के साथ अस्पताल पहुंचकर घायलों से वार्ता की। सीओ ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक तहरीर नहीं आई है ।