बुढ़ाना में अलीपुर अटेरना गांव में सड़क पार करते समय 8 वर्षीय इनायत ई-रिक्शा से टकरा गई। ई-रिक्शा उसके ऊपर पलट गई। इस घटना में बालिका की मौके पर मौत हो गई। ई-रिक्शा चालक मौके से भाग गया। गमगीन माहौल में परिजनों ने शव सुपुर्दे खाक कर दिया। हादसे का वीडियो वायरल हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अलीपुर अटेरना निवासी नवाब की बेटी रेशमा की ससुराल बागपत के ककड़ीपुर में है। वह अपने मायके में बेटी इनायत के साथ आई हुई है। शुक्रवार को सुबह उसकी बेटी खेलते हुए गांव के बाहर सड़क पर आ गई।
वह बुढाना-खतौली मार्ग वाली सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान यात्रियों को लेकर ई-रिक्शा वहां आई और उसकी टक्कर लगने से बालिका सड़क पर गिर गई। ई-रिक्शा उसके ऊपर पलट गई थी। बालिका उसके नीचे दब गई। हादसे को देखकर राहगीर मौके पर पहुंचे।
उन्होंने ई-रिक्शा को सीधा किया लेकिन इससे पहले ही बालिका की मौके पर मौत हो गई। ई-रिक्शा चालक मौके से भाग गया। मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंंने कानूनी कार्रवाई करने से मना कर दिया। गमगीन माहौल में उसे सुपुर्दे खाक किया गया। संवाद