बुढ़ाना। संविदा कर्मचारी दीपक की फाईल फोटो। स्रोत परिजन
बुढ़ाना। फुगाना गांव में एचटी लाइन का तार जोड़ते समय अचानक बिजली की सप्लाई आने पर संविदाकर्मी करंट लगने से झुलस गया। चिकित्सालय ले जाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना से नाराज परिजनों ने फुगाना बिजली घर पर हंगामा व प्रर्दशन किया। मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी व आर्थिक सहायता देने की मांग की।
गांव फुगाना निवासी दीपक (32) फुगाना बिजली घर पर संविदा कर्मचारी था। बुधवार सुबह करीब 10 बजे वह एचटी लाइन पर तार जोड़ रहा था। एचटी लाइन में अचानक बिजली की सप्लाई आने के कारण वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसके साथी उसे चिकित्सालय ले जाने लगे लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसके बाद भी उसे चिकित्सालय ले जाया गया। चिकित्सकों ने अधिकारिक तौर पर उसकी मौत होने की पुष्टि की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना से नाराज परिजनों ने फुगाना बिजली घर पर हंगामा व प्रदर्शन किया। परिजन व उनके समर्थक धरने पर बैठ गए।
परिजनाें का आरोप है कि दीपक शटडाउन लेकर कार्य कर रहा था। इसके बाद भी बिजली की सप्लाई छोड़ दी गई। विभाग का कोई भी अधिकारी उनसे बात करने तक नहीं आया। परिजनों ने मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी व आर्थिक सहायता देने की मांग की। इस मौके पर मुकेश मलिक, काला, प्रमोद मलिक व अरविंद आदि सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि घटना की तहरीर अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, परिजन व ग्रामीण बिजली घर परिसर में धरने पर बैठे थे। घटना से परिवार में शोक है।
बुढ़ाना। संविदा कर्मचारी दीपक की फाईल फोटो। स्रोत परिजन