सिखेड़ा/जानसठ। गांव मंदौड़ में कहासुनी होने पर शराब के नशे में भतीजे ने सिर में दरांती मारकर चाचा को घायल कर दिया। बीच बचाव में दरांती हाथ में लगने से हमलावर का पिता भी घायल हो गया था। हमला करने के बाद आरोपी युवक भाग गया।
सिखेड़ा क्षेत्र के गांव मंदौड़ निवासी ओमबीर और उसका छोटा भाई 52 वर्षीय महिपाल सिंह एक साथ रहते हैं। महिपाल अविवाहित है। ओमबीर का पुत्र विनीत उर्फ लल्ला अलग मकान में रहता है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार की रात विनीत शराब पीकर घर पहुंचा। चाचा महिपाल व उसके भतीजे में शराब पीने को लेकर कहासुनी हो गई। गुस्साए भतीजे ने शराब के नशे में दरांती चाचा के सिर में मार दीए जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर शराबा सुनकर बीच बचाव कराने आए हमलावर युवक के पिता ओमबीर भी हाथ में दरांती लगने से घायल हो गए। हमला करने के बाद आरोपी भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को जानसठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। हमलावर के घायल पिता ने गांव के चिकित्सक से उपचार कराया। हमलावर के पिता ने अपने पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है।