जानसठ। कस्बे के मोहल्ला बुध बाजार में कुत्ते के हमले से घायल हुए संदीप के पुत्र छह साल के भारत उर्फ लड्डू की हालत में सुधार है। मासूम कुत्ते के हमले के बाद सहमा हुआ है। उधर, जानसठ क्षेत्र में कुत्ते और बंदरों के हमले में 30 लोग घायल हुए हैं, जिनका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराया गया।
सोमवार को घायल लड्डू को देखने के लिए उसके आवास पर कस्बे के लोगों का तांता लगा हुआ है। परिवार ने कहा कि उनका बेटा तो किसी तरह बच गया लेकिन अन्य बच्चों के साथ ऐसा नहीं होना चाहिए। इसके अलावा प्रशासन को कुत्तों को पकड़वाने का अभियान चलाना चाहिए। कस्बे के रहने वाले राहुल, सतीश, राकेश, राजू आदि का कहना है आवारा कुत्तों को नगर पंचायत की ओर से पकड़वाया जाना चाहिए।
अस्पताल में लगी 30 रैबीज वैक्सीन
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. अर्जुन सिंह ने बताया कि सोमवार को कुत्ते व बंदर काटने के लगभग 30 रैबीज वैक्सीन लगाई गई है। पीड़ित कसबे के अलावा आसपास के क्षेत्र से भी पहुंचे थे।
अब तक कुत्ते इन पर कर चुके हमला
मोहल्ला बुध बाजार में रविवार सुबह घर के बाहर खेल रहे भारत उर्फ लड्डू पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया था। मासूम के चेहरे पर पांच टांके लगाने पड़े। इसके अलावा कुछ दिन पूर्व इसी मोहल्ले के इस आवारा कुत्ते ने दो वर्षीय अरहान, आठ साल के कार्तिक, 55 वर्षीय ओमवीर सहित छह लोगों पर हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
बहादरपुर गांव में आठ लोगों पर किया था हमला
सिखेड़ा क्षेत्र के गांव बहादरपुर में पिछले वर्ष एक आवारा कुत्ते ने महिलाओं व बच्चों सहित आठ लोगों पर हमला करके घायल कर दिया था। जिनका परिजनों ने गांव के अस्पताल में तुरंत उपचार कराया था। उस वक्त आवारा कुत्ते से ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी। ग्रामीणों ने उस आवारा कुत्ते को लाठी डंडों से पीटकर मार डाला था।
इन जगहों में घूम रहे आवारा कुत्ते
कस्बे के मोहल्ला बुधबाजार के अलावा मोहल्ला करीमुल्ला पट्टी, साहबराय, टंकी के पास मुस्लिम बस्ती, हुसैनपुरा, मोहल्ला गंज, किल्ली दरवाजा, तहसील परिसर, सरकारी अस्पताल सहित रास्तों पर भी आवारा कुत्ते घूमते रहते हैं।
पकड़वाए जाएंगे आवारा कुत्ते : आबिद हुसैन
जानसठ के चेयरमैन डॉ. आबिद हुसैन ने कहा कि कस्बे में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़वाने की शीघ्र व्यवस्था करवाई जाएगी। इसके अलावा कस्बे में बंदरों से भी लोग परेशान हैं। इन बंदरों को भी पकड़वा करके अन्य स्थानों पर छुड़वाया जाएगा।