मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज बेगराजपुर में एक्स-रे टेक्नीशियन रामकुमार के आत्महत्या प्रकरण में पत्नी की ओर से मेडिकल कॉलेज के चार कर्मचारियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शुक्रवार को मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज बेगराजपुर में एक्स-रे टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत 35 वर्षीय रामकुमार ने अपने कमरे में पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली थी। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें उसने मेडिकल के चार कर्मचारियों पर मानसिक उत्पीड़न करने तथा नौकरी से निकलवाने की धमकी देते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया।
मृतक की पत्नी अंजुल ने अपने पति के विभाग में कार्य करने वाले मेडिकल के चार कर्मचारियों राहुल त्यागी, कालूराम, दीप शिखा तथा विभागाध्यक्ष सीमा के खिलाफ मानसिक उत्पीड़न करने तथा आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव अपने साथ ले गए हैं। अंजुल ने बताया कि मेडिकल में एक लड़की वार्ड आया के रूप में कार्य करती थी। ये सभी लोग उसको परेशान करते थे। एक दिन उसके पति ने उसका पक्ष लेते आरोपियों का विरोध जताया था। परेशान होकर उस लड़की ने भी जॉब छोड़ दी थी। उस लड़की की भी जांच होनी चाहिए। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर दिया।