मुजफ्फरनगर। हरिनगर गांव के प्रॉपर्टी डीलर संजीव उर्फ जीवन की हत्या उसकी पुरानी प्रेमिका सोनिया ने अपने नए आशिक सादिक के साथ मिलकर की थी। दोनों आरोपियों ने दो दिन के लिए किराये पर कमरा लिया। बहाने से जीवन को बुला लिया। इसके बाद महिला ने पैर पकड़े, जबकि दूसरे आरोपी ने रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को बोरे में बंद कर नाले में फेंककर भाग गया।
पुलिस लाइन में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि शाहपुर के गांव हरसौली निवासी सोनिया की पुरकाजी के हरिनगर में ननिहाल है। मामा के घर आने-जाने के दौरान उसका गांव के प्रॉपर्टी डीलर संजीव उर्फ जीवन से करीब 12 साल पहले प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। परिवार ने सोनिया की शादी शामली के कैड़ी बाबरी निवासी रोहित के साथ कर दी। एक साल पहले हादसे में पति की मौत हो गई थी।
इसके बाद सोनिया का एक तरफ हरसौली के सादिक के साथ प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया और दूसरी तरफ वह जीवन से भी बात करती रही। पता चलने पर सादिक ने विरोध किया और हत्या की योजना तैयार की।
शहर के सरवट फाटक के पास किराये पर कमरा लिया। बहाने से सोनिया ने जीवन को कमरे में बुला लिया। पहले से छिपे बैठे सादिक ने रस्सी से गला घोंटकर हत्या की वारदात अंजाम दी। आरोपी युवक गोवा में सिलाई का काम करता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया।
..............
सोनिया ने दीपक को भेज दिया था वापस
प्राॅपर्टी डीलर अपने साथी दीपक के साथ आया था। सोनिया ने दीपक को इंतजार करने की बात कहकर प्राॅपर्टी डीलर को अपने साथ ले गई। शव को पहले से लाए गए बोरे में बंद कर धकेलते हुए घर से कुछ दूर नाले तक ले जाया गया।
-
यह था मामला
एक फरवरी की सुबह प्राॅपर्टी डीलर का शव सरवट फाटक के पास नाले में मिला था। पिता बलवीर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका बेटा अपने साथी दीपक के साथ मुजफ्फरनगर गया था, इसके बाद उनके बेटे को हरसौली निवासी सोनिया ने कॉल कर बुलाया । पुलिस ने जांच के बाद वारदात का खुलासा किया।
कैबिनेट मंत्री ने दी सांत्वना
कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार गांव हरिनगर में शाम के समय पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। उन्हेंं बताया गया कि प्राॅपर्टी डीलर के दो भाई व एक बहन पुलिस में है। शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
-
दो रात रुके थे किराए के मकान में आरोपी
सूत्र बताते है कि जिस किराए के मकान में आरोपी रहते थे वहां पर वह दो रात ही रुके थे। पहले वाले दिन शाम को दोनों पहुंचे थे। अगले दिन आइडी मांगने को लेकर मकान खाली करने की बात कही। इसी रात में दोनों आरोपियों ने प्राॅपर्टी डीलर को बुला कर घटना की और सुबह के समय भाग गए थे। पुलिस ने मकान मालिक से पूछताछ की है।