शामली। कैराना रोड पर गाड़ी में सवार छात्र-छात्राओं का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ छात्र गाड़ी से बाहर निकलकर स्टंट करते नजर आ रहे हैं। छात्र पानीपत-खटीमा हाईवे होते हुए यमुना पुल तक गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
छात्र-छात्राएं शहर के एक स्कूल के बताए गए हैं। बताया गया है कि फेयरवेल पार्टी के लिए छात्र-छात्राओं ने तीन-चार गाड़ी बुक की और उनमें सवार होकर पानीपत खटीमा मार्ग से होते हुए हरियाणा सीमा पर यमुना पुल तक पहुंचे। वायरल वीडियो में रास्ते में कुछ छात्र गाड़ी से बाहर निकलकर स्टंट करते हुए नजर आए। यमुना पुल के निकट हाईवे पर कुछ छात्रों ने गाड़ी रोककर डांस करते हुए भी नजर आए। इनमें छात्राएं भी नजर आ रही हैं। कुछ छात्र जान जोखिम में डालकर गाड़ी को तेज गति से दौड़ा रहे हैं। बताया गया है कि किसी छात्र ने स्टंटबाजी का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। यह मामला जानकारी में आने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
-