बिडौली। मेरठ करनाल हाईवे पर झिमरान बिडौली ढाबे के निकट दो बाइकों की टक्कर में दर्जी वसीम की मौत के मामले में मृतक के भाई ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
जिला सहारनपुर के गंगोह थानाक्षेत्र के गांव कुंडा बसी निवासी दर्जी वसीम रविवार दोपहर बाइक से शामली जा रहे थे। झिमरान बिडौली के निकट सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई थी। हादसे में वसीम की मौत हो गई थी, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक मनदीप निवासी डेरा लाल सिंह माजरा अजीजपुर व काका निवासी झिमरान बिडौली गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों का करनाल के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस मामले में मृतक के भाई नईम ने पुलिस को तहरीर देकर गलत दिशा से आ रही बाइक चालक की लापरवाही के कारण हादसा होना बताते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। संवाद