खेड़ी फिरोजाबाद के गंगनहर पुल में आई दरार
मुजफ्फरनगर, ककरौली। गांव खेड़ी फिरोजाबाद के गंगनहर पुल में दरार आ गई है। गंगनहर पुल में दरार आने के कारण भारी वाहनों का आवागमन बंद हो गया है। पुल में दरार आने को लेकर किसानों में भी अपने खेतों पर वाहनों को लेकर आने जाने में खतरा पैदा हो गया है।
गंगनहर पुल के दूसरी ओर आसपास के गांवों के किसानों की हजारों बीघा जमीन है। गांव खेड़ी फिरोजाबाद स्थित गंगनहर पुल में दरार आने से किसानों को खेतों पर जाने के लिए कई किलोमीटर जौली गांव की तरफ से घूमकर जाना पड़ रहा है। वहीं, गंगनहर पुल में दरार आने से ग्रामीणों को दूसरे रास्तों गांव कवाल, पिमौड़ा, काटका, दाहखेड़ी आदि गांवों से होकर कई किलोमीटर की दूरी तय करके जाना पड़ रहा है। शासन प्रशासन की अनदेखी के चलते गंगनहर का यह पुल कभी भी किसी बड़े हादसे का सबब बन सकता है। ग्रामीणों की लगातार मिल रही शिकायतों के बावजूद भी शासन -प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई ठोस उपाय नहीं किए गए हैं। गांव खेड़ी फिरोजाबाद स्थित गंगनहर से अवैध खनन किए जा रहे हैं, जिसके चलते रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्राली के भार से गंगनहर पुल में दरार आ गई है। वहीं, गंगनहर खेड़ी फिरोजाबाद व जौली मार्ग पर रेत से भरे ट्रैक्टर- ट्राली आदि वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क जमीन में धंस गई है। ग्रामीण रहिशानंद, मुस्तफा, मुन्ना, बुद्धू, गय्यूर, आलम, निजाकत, बबलू, नीटू, सत्येंद्र, जगबीर, राजवीर, करतार सिंह आदि ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द गंगनहर से रेत निकालने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा गंगनहर पुल में आई दरार को ठीक कराने की मांग की है।