Muzaffarnagar News: बेगराजपुर के प्रेमी युगल ने चंडीगढ़ के होटल में जाकर सुसाइड कर लिया। दोनों अलग-अलग समुदाय के थे। सुसाइड नोट में छात्रा ने लिखा कि लोग उनके रिश्ते को कभी स्वीकार नहीं करेंगे, उनकी मौत में किसी की कोई गलती नहीं है।
बिछड़ने के डर से बेगराजपुर के अलग-अलग समुदाय के प्रेमी युगल ने चंडीगढ़ के होटल में जहरीले पदार्थ का सेवन कर जान दे दी। मौत के बाद भी दोनों को अपने गांव की मिट्टी नसीब नहीं हुई। प्रेमिका का अंतिम संस्कार शुकतीर्थ में हुआ। जबकि परिजनों ने अरशद को पीनना गांव में सुपुर्द ए खाक किया। दोनों गांव के बीच करीब 35 किमी का फासला है।
विज्ञापन
Trending Videos
नाबालिग प्रेमिका के परिजन बृहस्पतिवार देर रात शव को लेकर अपने गांव नहीं गए। परिचितों और रिश्तेदारों के साथ सीधे शुकतीर्थ पहुंचे। यहीं पर अंतिम संस्कार किया गया। शुक्रवार को परिजन अपने गांव वापस लौट गए। जबकि अरशद का पोस्टमार्टम देरी से हुआ। उसके शव को भी गांव नहीं ले जाया गया। उसकी बहन की ससुराल के गांव पीनना के कब्रिस्तान में दोपहर बाद सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। ग्रामीण और परिचित मौजूद रहे।
तनाव को देखते हुए बेगराजपुर, शुकतीर्थ और पीनना में पुलिसबल तैनात रहा। दोनों परिवार अंतिम संस्कार के बाद अपने-अपने घर चले गए। बेगराजपुर में पुलिसबल तैनात है।
ये है मामला
मंसूरपुर के बेगराजपुर से 18 अगस्त को 11वीं की छात्रा घासीपुरा के स्कूल में पढ़ने के लिए गई थी। दोपहर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश की, लेकिन छात्रा नहीं मिली। पिता की तहरीर पर गांव के ही अरशद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। दोनों चंडीगढ़ पहुंचे और रेलवे स्टेशन के पास होटल में जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी थी।
सुसाइड नोट में लिखी थी दिल की बात
मरने से पहले छात्रा की ओर से सुसाइड नोट में लिखा था कि उनकी मौत में किसी की खता नहीं है। वह साथ नहीं जी सकते। लोग रिश्ते को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। शादी भी नहीं हो सकेगी, इसलिए उन्होंने जान देने का फैसला कर लिया है। समाज में हमें स्वीकार नहीं किया जाएगा। हमारे परिवारों का कोई दोष नहीं है।
अरशद के घर पर लटका ताला
बेगराजपुर में अरशद के घर पर ताला लटका हुआ है। परिजन अभी तक अपने गांव नहीं लौटे है। मुस्लिम बस्ती में पुलिस ने गश्त की।