मुजफ्फनगर। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कॅरिअर काउंसलिंग सत्रों का आयोजन होगा। डीआईओएस ने सत्रों का संचालन नियमित करने के निर्देश जारी किए हैं। इसमें छात्रों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार सही कॅरिअर चुनने में सहायता मिलेगी। सभी विद्यालयों को प्रभावी तरीके से काउंसलिंग सत्र आयोजित करने के लिए कहा गया है।
विद्यालय स्तर से कॅरिअर की सही जानकारी मिलने पर छात्रों को 12वीं करने के बाद अपना लक्ष्य पाने में आसानी होगी। विद्यालय में विशेषज्ञों और काउंसलर को बुलाकर संवाद कराया जाएगा ताकि छात्र अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त कर सकें। छात्रों को प्रतियोगी विकल्पों, परीक्षाओं, कॅरिअर तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, निर्णय लेने क्षमता और भविष्य की तैयारी का भी विकास होगा। कॅरिअर को लेकर स्थिति स्पष्ट होने से छात्र आवश्यकतानुसार तैयारी कर सकेंगे।
डीआईओएस राजेश कुमार श्रीवास ने बताया कि राजकीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों में नियमित करियर काउंसिलिंग सत्र आयोजित करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। छात्रों को विशेष तौर पर सिविल सर्विसेज, ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई मेंस), मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट), चार्टर्ड अकाउंटेंट, कंपनी सेक्रेटरी के अलावा कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट), कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) जैसी परीक्षाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रतियोगी परीक्षा की शैक्षणिक योग्यता, तैयारी करने के तरीकों के साथ अवसरों से अवगत कराया जाएगा।