मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस संक्रमण की आशंका के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को सीएमओ की मौजूदगी में जिला और महिला अस्पताल में मॉक ड्रिल कर ऑक्सीजन प्लांट की क्रियाशीलता जांची गई। दावा किया कि सब कुछ ठीक मिला।
जिला अस्पताल में हाईरिस्क मरीजों की कोरोना जांच के भी निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक सीएचसी पर एंटीजन किट उपलब्ध कराई गई है। लक्षण के आधार पर कोई भी व्यक्ति अपनी जांच करा सकता है।
जिला और महिला अस्पताल में सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया और नोडल नामित किये गए एसीएमओ डॉ. शैलेष जैन की मौजूदगी में मॉक ड्रिल किया गया। सीएमओ ने प्लांट से अस्पताल में सप्लाई हो रही ऑक्सीजन का प्रेशर भी चैक किया। बताया कि दोनों प्लांट पूर्ण रूप से क्रियाशील पाए गए। एपिडियोमालॉजिस्ट डॉ.शमशेर आलम ने बताया कि जिला अस्पताल में भी जांच की व्यवस्था कराई जा रही है। अगले सप्ताह से जांच शुरू करा दी जाएगी।
बताया कि एंटीजन किट से जांच में पाजीटिव पाए जाने पर ही बीएसएल-2 लैब कूकड़ा में आरटीपीसीआर जांच कराई जाएगी। कोरोना की शुरूआत से अब तक जनपद में 37344 लोग कोरोना पाजीटिव पाए जा चुके हैं।
मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए 1120 बैड आरक्षित रखे गए हैं। जिनमें एल-1 के 500, एल-2 के 380 जिनमें ऑक्सीजन की सुविधा है, एवं एल-3 के 120 आरक्षित हैं। एल-3 बैड पर वेंटीलेटर की सुविधा है।