खतरनाक है बीमारियों से कोरोना का गठजोड़
मुजफ्फरनगर। बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए कोरोना बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। कैंसर, हार्ट, किडनी, श्वांस एवं शुगर जैसी बीमारियों से ग्रसित लोग इससे नहीं बच पा रहे। जनपद में कोरोना से मौत का ग्राफ बढ़ रहा है। अब तक कोरोना पॉजिटिव पाए गए आठ लोगों की मौत चुकी है। ये सभी गंभीर बीमारियों से की चपेट में थे।
जिले में कोरोना के बढ़ रहे मामलों के बीच इस बात की संतुष्टि थी कि ठीक होने वालों का आंकड़ा अच्छा है, लेकिन अब यह वायरस कहर ढहाने लगा है। जनपद में अब तक 140 कोरोना रोगी सामने आए हैं। इनमें से 74 ठीक हुए हैं। जिले में कोरोना को हराने वालों की दर 47.14 प्रतिशत है, लेकिन लगातार बढ़ रहे मौत के मामले डराने वाले हैं। जनपद के आठ लोगों की मौत भी हुई है। हालांकि इनमें से ज्यादातर मामले जिले के कोरोना पॉजिटिव के आंकड़ों में शामिल नहीं किए गए क्योंकि इन्हें मेरठ और ऋषिकेश में कोरोना की पुष्टि हुई थी। जिला प्रशासन ने खालापार निवासी वृद्धा को भी अपने आंकड़ों में शामिल किया है। यदि 140 कोरोना पॉजिटिव पर ही ध्यान दें तो आठ लोगों की मौत चिंतित करने वाली है। क्योंकि इन मामलों पर मरने वालों की दर 5.71 प्रतिशत बैठती है।
इन्होंने कहा...
कोरोना से बचाव बेहद जरूरी है। जो लोग विभिन्न बीमारियों से ग्रस्त हैं, वे घर से निकलने से बचें। बच्चे, वृद्ध और गर्भवती महिलाओं को भी बहुत सतर्क रहना चाहिए। अनावश्यक कोई भी घर से बाहर न निकले।
- डा. प्रवीण चोपड़ा, सीएमओ।