- कई माह से डयूटी पर नहीं आ रहे थे
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। परिवहन निगम ने छह आउटसोर्स परिचालकों को संविदा समाप्त करते हुए नौकरी से निकाल दिया। ये सभी कई माह से ड्यूटी पर नहीं आ रहे थे। वहीं, चालक व परिचालकों की कमी के कारण प्रतिदिन लगभग 20 रोडवेज बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है।
परिवहन निगम मुजफ्फरनगर डिपो में 203 निगम व 39 बस अनुबंधित हैं। इन बसों का रोजाना रोडवेज बस अड्डे व साई धाम से आगे पुल के नीचे से संचालन किया जाता है। फरवरी से अप्रैल के बीच आधा दर्जन आउटसोर्स परिचालक अजीत सिंह, भूपेंद्र कुमार, फरमान, युवराज सिंह, दिनेश कुमार व अशोक कुमार ड्यूटी पर नहीं आ रहे थे।
इन सभी परिचालकों को अधिकारियों ने बुलावा पत्र भी भेजा लेकिन वह ड्यूटी पर वापस नहीं लौटे। काफी प्रयास के बाद जब परिचालक डयूटी पर नहीं आए तो परिवहन निगम ने सभी छह परिचालकों की आउटसोर्स संविदा को रद्द कर दिया।
वर्जन
परिवहन निगम के एआरएम प्रभात कुमार सिन्हा ने बताया कि ऐसा लगता है कि सभी छह परिचालकों को निगम की बसों पर ड्यूटी करने में कोई रुचि नहीं थी। इसी के चलते उन्हें नौकरी से निकाला गया है। उनकी सेवा प्रदाता कंपनी को यह सूचना भेज दी गई है।