पालिका परिसर में धरना देते कांट्रेक्टर।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
भुगतान न होने पर ठेकेदारों ने दिया धरना
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका में 14वें वित्त से हुए निर्माण कार्यों का भुगतान न होने पर ठेकेदारों के सब्र का बांध टूट पड़ा। बार-बार प्रार्थना पत्र देने पर काम नहीं बना तो उन्होंने मंगलवार को नगर पालिका परिसर में धरना शुरू कर दिया। ठेकेदारों का कहना है कि भुगतान होने तक धरना जारी रहेगा।
कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले ठेकेदार मंगलवार को नगर पालिका पहुंचे और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते धरना देकर बैठ गए। एसोसिएशन के अध्यक्ष आदेश त्यागी ने बताया कि 14वें वित्त की धनराशि के से नगर पालिका क्षेत्र में 2019-2020 में निर्माण कार्य कराए गए थे। ठेकेदारों ने काम तो पूरे करा दिए लेकिन उनका भुगतान नहीं हुआ। स्थलीय पैमाइश कर अभियंता द्वारा बिल तैयार कर दिए गए। 14वें वित्त की धनराशि को 31 मार्च ही खर्च किया जा सकता था लेकिन लॉकडाउन लागू हो गया। इसके चलते ठेकेदारों का भुगतान नहीं हो पाया। ठेकेदारों के पास काम करने वाले मजदूर, सामान सप्लाई करने वाले सप्लायर अपना भुगतान मांग रहे हैं। उन्होंने नगर पालिका से शीघ्र भुगतान करने की मांग की है।