हथकरघा विभाग के अधिकारी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। मेरठ-करनाल हाईवे से रोटन गांव में प्रस्तावित शामली टेक्सटाइल पार्क तक आवागमन के लिए 19 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण का प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) शामली को सौंपा गया है। प्रस्ताव के क्रम में पीडब्ल्यूडी की टीम शीघ्र ही मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करेगी और अपनी रिपोर्ट शासन को भेजेगी।
झिंझाना क्षेत्र के रोटन गांव में 27 हेक्टेयर भूमि पर शामली टेक्सटाइल पार्क प्रस्तावित है। पार्क में मेरठ और दिल्ली के दो उद्यमियों को लगभग 27 प्रतिशत भूमि उद्योग स्थापना के लिए विक्रय की जा चुकी है। टेक्सटाइल पार्क की अधिकांश भूमि पर चारदीवारी का कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है।
पार्क में विद्युत आपूर्ति के लिए 15 मेगावाट क्षमता के बिजलीघर का प्रस्ताव है। साथ ही सिकंदरपुर बिजलीघर से पार्क स्थल तक लगभग 14 किलोमीटर लंबी बिजली लाइन का एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है।
सोमवार को सहारनपुर हथकरघा विभाग के सहायक निदेशक अनिल कुमार दीक्षित ने लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड शामली के अधिशासी अभियंता राजकुमार सिंह से मुलाकात कर 19 मीटर सड़क निर्माण का प्रस्ताव सौंपा। इस पर अधिशासी अभियंता राजकुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में मौके पर केवल 3.75 मीटर चौड़ी सड़क उपलब्ध है। शासनादेश के अनुसार सड़क निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा।
पार्क में यह मिलेगी सुविधा
टेक्सटाइल पार्क, सामूहिक सुविधाओं में जीरो लिक्विड डिस्चार्ज, ट्रेनिंग सेंटर, अनुसंधान केंद्र, परीक्षण केंद्र, रेडीमेड शेड, ट्रांसपोर्ट टर्मिनल, सड़क, बिजली, पीने का पानी एवं विपणन केंद्र की सुविधा मिलेगी। इस टेक्सटाइल पार्क से जिले के पांच हजार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार का मौका मिलेगा।