जमीन के विवाद में दो भाइयों में संघर्ष
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। कोतवाली क्षेत्र के गांव कुरथल में जमीन संबंधी विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। संघर्ष में दोनों पक्षों की दो महिलाओं सहित आठ लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कुरथल में ग्रामीण राजपाल का अपने सगे भाई बल्लम के साथ जमीन संबंधी विवाद चला आ रहा है। इस विवाद में पहले भी कई बार दोनों पक्षों के बीच कहासुनी व मारपीट हो चुकी है। मंगलवार को सुबह करीब 6 बजे बल्लम व राजपाल परिवार के बीच कहासुनी के बाद गाली गलौज व मारपीट हो गई। आरोप है कि बल्लम, उसके लड़के व हरियाणा के पानीपत से आए उनके समर्थकों ने राजपाल के परिवार पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडे व सरिया आदि से जमकर मारपीट की गई। इस घटना में राजपाल (65) पुत्र सदवा उसके लड़के रामकुुमार, चंद्रशेखर व प्रवीण तथा रामकुमार व चंद्रशेखर की पत्नी घायल हो गई। दूसरे पक्ष का बल्लम उसका लड़का मिंटू घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को पुलिस ने कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया। गंभीर हालत में प्रवीण को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। इंस्पेक्टर कुशलपाल सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।