संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। कस्बे के योगपुरा रोड पर नगर पंचायत की ओर से बनाए गए रोडवेज बस अड्डे के संचालन के लिए बृहस्पतिवार को मुजफ्फरनगर डिपो के एआरएम प्रभात कुमार सिन्हा ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी आलोक रंजन और पूर्व विधायक उमेश मलिक, भाजपा नेताओं के साथ बस अड्डे का निरीक्षण किया। ईओ ने एक माह में कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया है।
अधिशासी अधिकारी को मानक के अनुसार फर्श ऊपर उठाने, टायलेट ब्लॉक बनवाने, शीशे व पंखे नए लगवाने, लाइट्स व सामने की चार दीवारी, पीने के पानी की व्यवस्था, एंट्री हेतु केवल दो गेट, यात्रियों के बैठने के लिए बैंच, हैंडपंप व अन्य सुविधाएं पूरा करने पर चर्चा हुई। सभी कार्य एक माह में पूर्ण करने पर सहमति हुई। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को बोर्ड बैठक में यह प्रस्ताव पास करवा लिए जाएंगे। जल्दी ही सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
इस मौके पर भाजपा नेता राजेश संगल, अमरीश बंसल, सुशील तायल, फुगाना के प्रधान जितेंद्र मलिक, खरड़ की महिला प्रधान के पति विकास मलिक मौजूद रहे।