पालिका में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत
मुजफ्फरनगर। नगरपालिका के वार्ड संख्या-46 की महिला सभासद समेत अन्य सभासदों ने डीएम चंद्रभूषण सिंह को ज्ञापन देकर पालिका में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
नगरपालिका सभासद एस सादिया, आलम व सरफराज ने मंगलवार को डीएम चंद्रभूषण सिंह को ज्ञापन देकर बताया कि पालिका में पिछले तीन साल से गंभीर अनियमितताएं की जा रहीं हैं। आरोप लगाया कि इसमें चेयरपर्सन के साथ ही बाबू गोपाल त्यागी की भी पूरी तरह से संलिप्तता है। इसकी शिकायत किए जाने के चलते चेयरपर्सन व बाबू गोपाल त्यागी द्वारा उनके वार्डों में मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रहीं हैं। स्ट्रीट लाइटों के साथ ही सफाईकर्मी भी मानक के अनुसार नहीं दिए गए हैं। इस संबंध में कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। सभासदों ने चेयरपर्सन व बाबू पर एटूजेड रोड की एक सड़क का बिना निर्माण हुए ही भुगतान कर देने का भी आरोप लगाते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की है।