मुजफ्फरनगर। सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने डीएम उमेश मिश्रा को पत्र भेजकर पालिका में समितियों का गठन किए जाने के लिए कहा है। उन्होंने पालिका बोर्ड गठन को डेढ़ वर्ष का समय पूर्ण होने के बावजूद सात समितियों के गठन न होने की बात कही है। जिसके बाद एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने ईओ को पत्र लिखकर आवश्यक कार्यवाही कर एक सप्ताह में आख्या तलब की है।
मुजफ्फरनगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हरेंद्र मलिक ने डीएम को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने कहा कि पालिका में वर्तमान बोर्ड का गठन हुए डेढ़ वर्ष बीत गया है। लेकिन नगर पालिका अधिनियम 1916 की धारा 104 व 109 के तहत समितियों का गठन नहीं किया गया है। पालिका में गृह-जलकर, स्वास्थ्य, स्ट्रीट लाइट, वित्त, निर्माण समेत नगर पालिका कन्या इंटर कालेज की सात समिति बनाई जाती हैं। इन समितियों के प्रति पालिका ने कोई कदम नहीं उठाया है। सांसद का पत्र आने के बाद डीएम ने एडीएम प्रशासन एवं स्थानीय निकाय प्रभारी नरेंद्र बहादुर को आवश्यक कदम उठाने का आदेश दिया। जिसके उपरांत एडीएम प्रशासन ने ईओ को सांसद के पत्र का हवाला देते हुए इस मामले में आवश्यक कार्यवाही करते हुए सात दिन के भीतर आख्या उपलब्ध कराने को कहा है।