रतनपुरी (मुजफ्फरनगर)। गांव सठेड़ी गंगनहर पटरी मार्ग पर कार और ट्रॉली की भिड़ंत हो गई। जिसमें कार चालक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के भाई की तरफ से अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार राजस्थान के जयपुर निवासी शिवकुमार गोस्वामी (49 ) पुत्र केडी गोस्वामी और आशीष (19) पुत्र प्रकाश अस्थियां विसर्जन के लिए कार बुक करके हरिद्वार जा रहे थे। कार को ओम शिव कॉलोनी जयपुर निवासी कृपाल पुत्र मालाराम चला रहा था। बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे जब ये लोग रतनपुरी क्षेत्र में सठेड़ी गंगनहर पटरी मार्ग से गुजर रहे थे। तभी कार चालक कृपाल अन्य वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में कार पर नियंत्रण खो बैठा। जिससे कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
इस दुर्घटना में कार चालक कृपाल की मौके पर मौत हो गई, जबकि शिवकुमार और आशीष घायल हो गए। घटना के बाद ट्रॉली चालक फरार हो गया। सूचना पर एसएसआई रतनपुरी ललित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। दोनों घायलों को खतौली अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के संबंध में मृतक के परिजनों को सूचित किया गया। जिस पर जयपुर से परिजन रतनपुरी पहुंचे। मृतक कृपाल के भाई रोहताश ने अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।