कॉलेज में पुलिस से उलझते विद्यार्थी।
- फोटो : अमर उजाला
भोपा रोड स्थित एसडी डिग्री कॉलेज में चल रहे एनएसएस शिविर के दौरान रविवार को शिक्षिका द्वारा एक छात्रा को टोकने पर हंगामा हो गया। छात्रा ने परिजनों को कॉल कर कॉलेज बुला लिया, जिसके बाद शिक्षिका पर आरोप लगाते हुए हंगामा किया गया। सूचना पर पहुंचे छात्र नेताओं व पुलिस ने सभी लोगों को समझाबुझाकर शांत किया।
शहर के एसडी डिग्री कॉलेज में रविवार को एनएसएस का शिविर चल रहा है। शिविर के दौरान ही शहर के मोहल्ला नयाबांस निवासी एक छात्रा कुछ कहने के लिए खड़ी हुई। आरोप है कि शिविर में मौजूद एक शिक्षिका ने छात्रा को डांटते हुए वापस बैठा दिया। इससे छात्रा काफी व्यथित हो गई और उसने अपने परिजनों को मोबाइल पर कॉल कर कॉलेज बुला लिया।
इसके बाद छात्रा के परिजनों ने उक्त शिक्षिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा खड़ा कर दिया। हंगामे की सूचना पर कई छात्र नेता व थाना पुलिस मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद कॉलेज के प्राचार्य कक्ष में दोनों पक्षों के बीच जमकर गहमागहमी हुई। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता होने पर विवाद का पटाक्षेप हो गया। इंस्पेक्टर नई मंडी हरशरण शर्मा ने बताया कि मामूली विवाद को लेकर हंगामा हो गया था, लेकिन बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
प्राचार्य पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
मुजफ्फरनगर। एक छात्रा ने एक डिग्री कॉलेज के प्राचार्य पर छात्राओं का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि प्राचार्य ने एक शिक्षिका के माध्यम से बुलाकर उसके साथ भी अच्छा व्यवहार नहीं किया। छात्रा ने व्हाट्सएप चेट पर अमर्यादित मेसेज भेजने का भी आरोप लगाया है। उधर, प्राचार्य का कहना है कि उनके खिलाफ फर्जी शिकायतें की जा रही हैं। उन्होंने कुछ दिन पूर्व पुलिस से इस संबंध में शिकायत की थी, जिसकी जांच चल रही है।