तलहेड़ी खुर्द में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया, हंगामा
देवबंद (सहारनपुर)। तलहेड़ी खुर्द गांव में शनिवार रात असामाजिक तत्वों ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे अनुसूचित जाति के लोगों इसको लेकर रोष फैल गया। उनके हंगामा करने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव पहुंचकर आक्रोशित लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिलाकर मामला शांत कराया। इसी दौरान क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर दूसरी प्रतिमा स्थापित कराई गई। ग्राम प्रधान ने इस मामले में थाने में तहरीर दी है।
तलहेड़ी खुर्द में शनिवार रात किसी समय गांव के बाहर स्थापित डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। रविवार सुबह जब कुछ बच्चों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देखा तो लोगों को इसकी सूचना दी गई। बताया जाता है कि कुछ ही देर में मंदिर से ऐलान कर दिया गया। इससे बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। मौके पर भीम आर्मी के विधानसभा अध्यक्ष दीपक बौद्ध भी कुछ कार्यकर्ताओं के साथ गांव पहुंचे। लोगों ने प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सुबह करीब 8.30 बजे एसडीएम ऋतु पूनिया, सीओ सिद्धार्थ सिंह और कोतवाल मुनेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ तलहेड़ी खुर्द पहुंचे तथा हंगामा कर रहे लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराने की प्रयास किया। साथ ही नई प्रतिमा स्थापित कराने के लिए पुलिस के साथ गांव के कुछ मौअज्जिज लोगों को सहारनपुर भेजा गया। शाम करीब तीन बजे प्रशासन की मौजूदगी में बाबा साहब की प्रतिमा को उसी स्थान पर स्थापित कराया गया। एसडीएम ने बताया कि बाबा साहब की प्रतिमा खुले में रखी है। जिसपर किसी खुराफाती ने रत में उसे क्षतिग्रस्त कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर दूसरी प्रतिमा स्थापित करा दी गई है। साथ ही गांव के कुछ लोगों की एक कमेटी बनाई गई है जो मूर्ति की सुरक्षा करेगी। सीओ सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ग्राम प्रधान पप्पू ने बताया कि बाबा साहब की मूर्ति के पास जाल नहीं लगा था। जिसे लगवाने की तैयारी की जा रही है। बता दें कि पिछले वर्ष भी डा. आंबेडकर प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। ग्राम प्रधान पप्पू ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध तहरीर दी है। हंगामा करने वालों में शिवकुमार, शौर्य अंबेडकर, शुभम, पवन समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।