मुजफ्फरनगर। चौधरी चरण सिंह जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को शुरू हुए चार दिवसीय कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी क्रिकेट मैच में पहले दिन का खेल गेंदबाजों के नाम रहा। मेजबान टीम उत्तर प्रदेश ने समीर चौधरी ने शानदार शतक की बदौलत 261 रन बनाए। पहले दिन का खेल खत्म होने तक महाराष्ट्र की टीम ने भी अपना एक बल्लेबाज गवां दिया था। महाराष्ट्र ने 13 ओवर में 36 रन बनाए थे।
टॉस महाराष्ट्र के कप्तान ओम भोंसले ने जीता और पहले गेंदबाजी का निर्णय किया। उत्तर प्रदेश के बल्लेबाजों के लिए सुबह का सर्द माहौल सही साबित नहीं हुआ। लंच तक के एक घंटे में ही 12 ओवर में तीन खिलाड़ी आउट हो गए। लंच के बाद भी महाराष्ट्र के गेंदबाजों की अच्छी बालिंग जारी रही। उत्तर प्रदेश की टीम के लगातार बल्लेबाज आउट होते गए। चाय के समय तक उत्तर प्रदेश ने 45 ओवर में 8 विकेट खोकर 242 रन बना लिए थे। दयनीय हालत से निकालने में समीर चौधरी की शतकीय पारी का खासा योगदान रहा। समीर ने 109 रन बनाए। चाय के बाद उत्तर प्रदेश की टीम 261 रन बनाकर आउट हो गई। वाजिद अली ने 34, अभिषेक ने 25 , रिजवान ने 31 और हर्ष ने 23 रन बनाए, इनके अलावा कोई बल्लेबाज ज्यादा स्कोर नहीं कर पाया। महाराष्ट्र के गेंदबाज आकाश जाधव ने 68 रन देकर चार विकेट, मनोज यादव ने दो, सिधेश ने दो विकेट लिए। महाराष्ट्र की पारी में पहला विकेट धीरज का 11 के योग पर गिरा, जिसका विकेट वाजिद ने लिया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक महाराष्ट्र ने एक विकेट पर 36 रन बनाए थे।
खराब रोशनी से मैच हुआ प्रभावित
शुक्रवार को खराब रोशनी से 70 मिनट का खेल नहीं हो पाया। शाम 4 बजकर 50 मिनट पर कम रोशनी के कारण ही अंपायर ने खेल समाप्त घोषित किया। सुबह मैच पर्याप्त रोशनी न होने के कारण देरी से शुरू हुआ। टॉस निर्धारित समय न होकर 10 बजकर 35 मिनट पर मैच रेफरी ने दोनों कप्तानों के साथ किया।
मंत्रियों ने खिलाड़ियों का परिचय लेकर किया उद्घाटन
मुजफ्फरनगर। शुक्रवार सुबह मैच का उदघाटन केंद्रीय पशुधन राज्य मंत्री डॉ संजीव बलियान और प्रदेश के कौशल विकास राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों और अंपायर मैच रेफ़री से परिचय प्राप्त कर के किया। मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन भीम कंसल, अध्यक्ष भूपेंद्र यादव, सचिव मनोज पुंडीर ने अतिथियों का अभिनंदन किया। मैच रेफरी कर्नल सादंगी और अंपायर रमेश और घनश्याम प्रभु का स्वागत किया गया। इस अवसर पर कुशल पाल सिंह, इंदर माथुर, योगेंद्र मलिक, ओमदेब सिंह, रोहित चौधरी, विकास राठी, श्रीश वर्मा, अरशद, गौरव, मनीष त्यागी, लव गर्ग आदि मौजूद रहे।