- नूर मस्जिद के इमाम के घर हुई चोरी के मामले में चोरों का नहीं लगा कोई सुराग
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहपुर। कस्बे की नूर मस्जिद के इमाम के घर हुई चोरी के मामले में सीओ बुढाना ने मौके पर पहुंच कर निरीक्षण करते हुए इमाम से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए मोहल्ले, आसपास व अन्य स्थानों के करीब छह दर्जन से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। अभी चोरों का सुराग नहीं लग सका।
कस्बे के मोहल्ला कस्सावान स्थित माता वाली गली में नूर मस्जिद के इमाम नौशाद मस्जिद की छत पर बने आवास पर परिवार के साथ रहते हैं। बृहस्पतिवार की सुबह वह अपनी पत्नी का उपचार कराने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके आवास का ताला तोड़कर आवास में रखे ढाई लाख रुपये की नकद, पांच तोला सोने व 60 तोले चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे।
शुक्रवार को सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर इमाम से घटना की जानकारी ली। सीओ ने थाना पुलिस को घटना का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।सीओ ने बताया कि अब तक करीब छह दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक किया गया है। घटना के खुलासे के लिए थाना स्तर पर गठित टीम के साथ एसओजी की टीम भी जुटी हुई हैं।