मुजफ्फरनगर। तीन साल की बच्ची पर आवारा कुत्तों के हमले को लेकर जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ.संजय वर्मा ने जिलाधिकारी को अपनी ओर से सफाई दी है। उन्होंने जिलाधिकारी को लिखे पत्र में कहा कि कुत्तों पर अंकुश लगाने के लिए वह पालिका ईओ को छह पत्र लिख चुके हैं।
जिला चिकित्सालय में आवारा कुत्तों का आतंक है। गत रविवार 14 जून को तीन साल की बच्ची पर कुत्तों के हमले संबंधी मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ.संजय वर्मा से स्पष्टीकरण मांगा था। जिस पर उन्होंने जिलाधिकारी को बताया कि वह नगर पालिका को आवारा कुत्तों पर अंकुश लगाने के लिए छह बार पत्र लिख चुके हैं।
ये था मामला
सहारनपुर की सिराज कॉलोनी निवासी मजदूर इंतजार की पत्नी इरम अपने मायके शेरपुर गांव में आई हुई थी। तीन साल की बेटी मीरब की तबीयत खराब होने पर 14 जून को जिला अस्पताल लेकर पहुंची। यहां शाम के समय बिजली गुल होने के कारण वह बेटी को लेकर वार्ड से बाहर निकल गई। इस दौरान आवारा कुत्तों ने मीरब पर हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। मीरब को अब प्राइवेट वार्ड में भर्ती कराया गया है।