गर पलिका का निरीक्षण करती पालिका चेयपर्सन ।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
कक्ष का ताला लगाकर नदारद मिला लिपिक
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने निलंबित ओमवीर सिंह के कक्ष में ताला लगाकर नदारद मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने ईओ को पालिका इंटर कॉलेज में संबद्ध करने तथा जनगणना कार्य में लगाए गए पांच कर्मचारियों को काम सौंपने के निर्देश दिए। कार्यालय में गंदगी मिलने पर उन्होंने तुरंत सफाई कराने को कहा।
बुधवार को चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने कार्यालय में सभी विभागों की समीक्षा मीटिंग ली। ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी को सभी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। 14वें वित्त के रुके हुए कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराने, टैक्स विभाग से टीएस, टीओ को वसूली में तेजी लाने को कहा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 14 नवंबर को होने वाले विवाह समारोह के मद्देनजर संबंधित विभाग के तनवीर आलम से तैयारियों की जानकारी ली। चेयरपर्सन ने विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। बाद में वह जनगणना कार्यालय पहुंची। वहां पर ताला लगा देख नाराजगी जताई। चेयरपर्सन ने बताया कि जानकारी करने पर पता लगा कि लिपिक ओमवीर सिंह ने सरकारी ताला तोड़कर अपना ताला लगाया है। ओमवीर सिंह को उनके द्वारा निलंबित कर नगर पालिका इंटर कॉलेज में संबद्ध करने के आदेश जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद वह पालिका कार्यालय में ही बैठ रहे थे। इस संबंध में ईओ को निर्देश दिए कि उनके आदेशानुसार जिन पांच कर्मचारियों की ड्यूटी जनगणना में लगाई गई है, उन्हें काम सौंपा जाए। निरीक्षण के दौरान बार-बार बुलाने पर भी ओमवीर सिंह कार्यालय नहीं आए। चेयरपर्सन ने कार्यालय में गंदगी होने पर भी नाराजगी जताई तथा सफाई दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इस दौरान टीओ अरुण कुमार, टीएस आरडी पोरवाल, जेई राजीव कुमार, मूलचंद, इंस्पेक्टर संजय पुंडीर, पूरन चंद, मुकेश आलम, तनवीर आलम, अशोक धींगरा, राजीव सिंह, मैनपाल आदि मौजूद रहे।