मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस से बचाव के लिए विभिन्न संगठनों ने अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया। सैनिटाइजर से राहगीरों के हाथ साफ कराए। उन्हें साफ-सफाई एवं भीड़भाड़ से बचने की सलाह दी गई।
मोहल्ला बचन सिंह कॉलोनी में सरवट ग्राम प्रधान के पति व भाजपा नेता पंडित श्रीभगवान शर्मा ने लोगों को सैनिटाइजर मास्क वितरित किए। उन्होंने लोगों से जनता कर्फ्यू में सहयोग का आह्वान किया। इस दौरान पंडित रामचंद्र मिश्रा, सोमेंद्र शर्मा, ग्राम प्रधान उषा शर्मा, मास्टर श्यामलाल, सुरेश शर्मा, हरपाल, सोहनवीर सिंह मौजूद रहे। उधर, अहिल्या बाई चौक पर व्यापारियों ने सैनिटाइजर से राहगीरों के हाथ साफ कराए। शिव चौक पर मास्टर विजय सिंह एवं अन्य लोगों ने राहगीरों के हाथ धुलवाए। एसडी कॉलेज न्यू मार्केट के व्यापारियों ने जनता कर्फ्यू में पूर्ण सहयोग की बात कही। प्रधान हरवीर सिंह, अजय गर्ग, संदीप दीक्षित, मनोज कुमार, संदीप गोयल आदि ने कहा कि दुकानें पूरी तरह बंद रखकर जनता कर्फ्यू में सहयोग करेंगे। लोग घरों में रहकर व्यायाम, योग एवं प्राणायाम करें। शिव चौक पर
भारतीय विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कश्यप ने कोरोना के संबंध में किसी तरह की अफवाह न फैलाएं। उन्होंने नागरिकों से धैर्य बरतने की अपील की। रुड़की रोड व्यापार संगठन के उदित किंगर ने बताया कि दुकानदार किसी से हाथ न मिलाएं। व्यापार संगठन के पांच-पांच कार्यकर्ता विभिन्न बाजारों में घूमकर लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के तरीके बताएंगे।
--------------
एटीएम पर लगी रही लोगों की भीड़
मुजफ्फरनगर। जनता कफ्र्यू से एक दिन पहले एटीएम पर लोगों की भीड़ जुटी रही। नगदी निकालने के लिए लोग एटीएम पर पहुंचे। कोरोना वायरस के चलते लोगों को आगे व्यवस्था खराब होने का अंदेशा है। इसके चलते वे जरूरी चीजों का स्टॉक करने में लगे हैं। खर्च के लिए नकदी की भी खूब निकासी की गई।
पीआरवी पुलिसकर्मियों को सैनिटाइजर व मास्क दिए
मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस के मद्देनजर शनिवार को डायल-112 की समस्त पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों को विभाग की ओर से सैनिटाइजर व मास्क वितरित किए गए। पुलिस लाइन में एसपी ट्रैफिक बीबी चौरसिया द्वारा सभी पीआरवी पुलिसकर्मियों को सैनिटाइजर व मास्क वितरित कर कोरोना के खिलाफ जंग में अपना बचाव कर तत्परता से ड्यूटी करने के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट में फीवर डेस्क पर थाऱमल् स्कैनिगं करते डाक्टर्स।- फोटो : MUZAFFARNAGAR