- बचन सिंह कॉलोनी की गली नंबर दो में हुई घटना, दतियाना का रहने वाला है परिवार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की बचन सिंह कॉलोनी में कक्षा दस के छात्र तुषार (18) ने अपने घर की तीसरी मंजिल पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
छपार थाना क्षेत्र के गांव दतियाना के मूल निवासी बिजेंद्र कई साल से यहां अपने परिवार के साथ नई मंडी क्षेत्र के बचन सिंह कॉलोनी की गली नंबर दो में किराए के घर में रहते हैं। उनका 18 वर्षीय बेटा तुषार कक्षा दस का छात्र था। बिजेंद्र मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। बृहस्पतिवार की रात खाना खाने के बाद बिजेंद्र, उनकी पत्नी व बेटी सोने चले गए। तुषार भी घर की तीसरी मंजिल पर सोने चला गया।
शुक्रवार सुबह आठ बजे परिवार के लोग सोकर उठे तब काफी देर तक तुषार नहीं आया। उसको देखने के लिए परिजन घर की तीसरी मंजिल पर पहुंचे तो वहां बने टिनशेड में तुषार का शव पंखे से लटका मिला। सूचना पर नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तुषार के शव को नीचे उतरा। मंडी सीओ रुपाली राव का कहना है कि तुषार ने आत्महत्या क्यों की, इसकी जांच की जा रही है। वैसे परिजनों ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी।