मुजफ्फरनगर। डीएम उमेश मिश्रा ने चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने भारोत्तोलन हाॅल, वॉलीबाल कोर्ट निर्माण और बहुउद्देशीय हाल के जीर्णोद्धार कार्यों की गुणवत्ता पर असंतोष व्यक्त किया। कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि देने और उनसे स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि भारोत्तोलन हाल के निर्माण में प्रयुक्त ईंटों की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं थी। बहुउद्देशीय क्रीड़ा हाल में बैडमिंटन हॉल की छत की प्रोफाइल शीट में प्रकाश के छिद्रों को ठीक करने और चेंज रूम के कोनों की धार को सही करने के आदेश दिए। क्रिकेट पेवेलियन में रंगाई-पुताई और टॉयलेट की फिनिशिंग को मानक के अनुरूप करने के लिए कहा गया।
ठेकेदार पर कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में पाई गई अनियमितताओं पर कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि देने और स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। साथ ही, संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने और उसके भुगतान में कटौती करने का आदेश दिया।
जिला क्रीड़ाधिकारी को चेतावनी
निरीक्षण के दौरान स्टेडियम में अन्य कार्यक्रमों का आयोजन पाया गया, जो शासनादेशों का उल्लंघन है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला क्रीड़ाधिकारी को चेतावनी निर्गत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता, जिला क्रीड़ाधिकारी, उप जिला क्रीड़ाधिकारी और कार्यदायी संस्था के अन्य अभियंता उपस्थित रहे।