मुजफ्फरनगर। शहर में जल निगम सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का कार्य कर रहा है। इसके लिए जगह-जगह से सड़क की खुदाई की जा रही है। टूटी सड़क और बिगड़ी यातायात व्यवस्था से नागरिक हलकान हो गए हैं। इतना ही नहीं, कई-कई कालोनियों में पेयजल और दूर संचार सेवा ठप हो गई है। दिनभर जाम रहने से मिनटों की दूरी घंटों में तय हो रही है।
जल निगम सीवर पाइप लाइन का जाल बिछा रहा है। इसके लिए पहले रुड़की रोड पर खुदाई की गई, अब मीनाक्षी चौक और उसके आसपास खुदाई कराई जा रही है। पुरानी पाइप लाइन में अटी पड़ी गंदगी को जेसीबी से निकाल कर सड़क पर फैलाया जा रहा है। इससे राहगीरों को बदबू से जीना मुहाल हो रहा है। मीनाक्षी चौक सड़क बंद करने से यातायात व्यवस्था बिगड़ गई है।
उधर, मीनाक्षी चौक पर खुदाई होने से दिनभर जाम के हालात बने हैं। जिस कारण मीनाक्षी चौक, खालापार, रुड़की रोड, शिवचौक, आर्य समाज रोड पर जाम लग रहा है। जाम की स्थिति ऐसी है कि मिनटों की दूरी को तय करने में घंटों का समय लग रहा है। इससे परेशानियां बढ़ गई है, क्योंकि यहां से शहर की मुख्य मार्केट निकलती है। जिसके चलते अधिक भीड़ रहने से व्यवस्था बेपटरी हो गई है।