पब्लिक स्कूलों में जमा करनी होगी बच्चों की फीस
मुजफ्फरनगर। पब्लिक स्कूलों में बच्चों की फीस माफी को लेकर मार्च से ही चली आ रही उहापोह की स्थिति खत्म हो गई है। सरकार और जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि फीस माफी का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। अभिभावक अपने बच्चों की फीस नियमित रूप से जमा करें। इस संबंध में बृहस्पतिवार को डीआईओएस ने भी एक पत्र जारी किया है जिसमें कहा गया है कि फीस माफी की बात केवल अफवाह है और भ्रम फैलाने वाली है। सरकार ने कोई फीस माफ नहीं की है।
कोरोना महामारी को लेकर जब से लॉकडाउन शुरू हुआ तब से ही कुछ संगठन पब्लिक स्कूलों में छात्रों की फीस माफ करने की मांग कर रहे थे। यह मामला सरकार तक पहुंचा तो पब्लिक स्कूलों ने शिक्षकों और स्कूली कर्मचारियों के वेतन की बात सामने रखी। जिसके बाद सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने फीस माफी की बात को भ्रम फैलाने वाला बताया। उन्होंने सभी डीआईओएस को इस संबंध में पत्र भी जारी किया। इसी कड़ी में जिला विद्यालय निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने भी पत्र जारी किया। पत्र में कहा गया कि कि सरकार और जिला प्रशासन ने फीस माफी का कोई आदेश जारी नहीं किया है। सभी अभिभावक अपनी सुविधा के हिसाब से स्कूलों में फीस जमा करें। डीआईओएस के आदेश के साथ ही फीस को लेकर चली आ रही असमंजस की स्थिति समाप्त हो गई है। वहीं कुछ स्कूलों ने फीस को लेकर अभिभावकों को नोटिस भी भेजने शुरू कर दिए हैं।